एसबीआई का अमेजॉन के साथ करार
(India)
देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एस.बी.आई.) ने ऑनलाइन भुगतान और ई-कॉमर्स के बढ़ते कारोबार के मद्देनजर अपने ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑनलाइन मार्केट प्लेस अमेजॉन के साथ करार किया है। बैंक ने जारी बयान में कहा है कि इस करार के तहत बैंक और अमेजॉन ग्राहकों और छोटे कारोबारियों के लिए विश्वसनीय, बाधारहित भुगतान और ई-सॉल्युशंस उपलब्ध कराने का बेहतर प्रयास करेंगे। एसबीआई चेयरमैन अरुंधती भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा, ‘हमारे कई एसएमई (छोटे और मझोले उपक्रम), कृषि ग्राहक और रिटेल ग्राहक हैं, जिनके पास तमाम उत्पाद हैं लेकिन वे नहीं जानते कि उनकी कैसे और कहां पर बिक्री करनी है।’ उन्होंने कहा, ‘अमेजन के पास प्लेटफॉर्म है और लाखों लोगों से जुड़ने की क्षमता है, जिससे कि कोई कम से कम लागत में जरूरी उत्पाद हासिल कर सके।’ इसके साथ ही एसबीआई कुछ ऐसे छोटे और मझोले उपक्रमों का वित्तपोषण भी कर सकता है, जिसके उत्पादों की रेंज ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर लंबी हो और जिन्हें पैसे की कमी के कारण कारोबार के विस्तार में दिक्कतें आ रही हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।