रेलवे के उच्च वर्ग श्रेणियों के किराए रविवार से बढ़ जाएंगे क्योंकि किरायों में 14 प्रतिशत सेवा कर लेवी और 0.5 प्रतिशत का स्वच्छ भारत उपकर के रूप में लिया जाएगा। रेल मंत्रालय के एक परिपत्र के अनुसार 15 नवंबर से प्रथम श्रेणी और सभी एसी वर्गों के किराए में 4.35 प्रतिशत की वृद्धि होगी। सरकार ने छह नवंबर को एक अधिसूचना में सभी कर योग्य सेवाओं पर स्वच्छ भारत उपकर लगाने की घोषणा की थी। परिपत्र में कहा गया, यात्री किराए के कुल 30 प्रतिशत पर 14 प्रतिशत सेवा कर और स्वच्छ भारत अभियान का 0.5 प्रतिशत उपकर लगाया जाएगा जो प्रथम श्रेणी एवं सभी एसी वर्गों के किरायों के कुल 4.35 प्रतिशत के बराबर है। हालांकि 15 नवंबर से पहले जारी किए गए टिकटों पर सेवा कर नहीं लगेगा। सामान्य एवं शयनयान श्रेणी के किराए पर लेवी नहीं लगेगा। इस वृद्धि के साथ नई दिल्ली-मुंबई मार्ग की मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी-1 का किराया 206 रुपया बढ़ जाएगा जबकि नयी दिल्ली-हावड़ा मार्ग की ट्रेनों के एसी-3 के किराए में 102 रुपए की बढ़ोतरी होगी। दिल्ली-चेन्नई मार्ग की ट्रेनों के एसी-2 श्रेणी का किराया 140 रुपए बढ़ जाएगा। एक आकलन के अनुसार सेवा कर लेवी और स्वच्छ भारत उपकर से एक साल में 1,000 करोड़ रुपए जुटाने की उम्मीद है। यात्री खंड से रेलवे की सालाना कमाई करीब 35,000 करोड़ रुपए अनुमानित की गई है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।