लगातार दूसरे साल दालों का उत्पादन घटने और कीमतों में तेजी के आसार को देखते हुए खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने एमएमटीसी और एसटीसी जैसी कंपनियों को आयात की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है। वर्ष 2014-15 में कमजोर और बेमौसम बारिश के चलते घरेलू उत्पादन 20 लाख टन घटकर 1.72 करोड़ टन ही रहा इसके कारण अक्टूबर में खुदरा बाजार में दालों की कीमतें 200 रुपए प्रति किलोग्राम से भी पार पहुंच गईं। सरकार के हस्तक्षेप से खुदरा दामों में कुछ कमी आई है, लेकिन अभी भी दालें 170 से 180 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रही हैं। पासवान ने कहा कि हमने वाणिज्य मंत्रालय को दलहनों का समय पर आयात करने के लिए तत्काल योजना तैयार करने के बारे में लिखा है, क्योंकि इस वर्ष भी लगातार सूखे के कारण खरीफ फसल उत्साहवर्धक नहीं रही है। पासवान ने अपने पत्र में लिखा है कि अगर प्रभावी कदम अभी नहीं उठाया गया तो संभावना है कि दालों की मांग आपूर्ति से कहीं अधिक हो जाए जिससे इनकी कीमतों में तेजी आ सकती है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।