कारोबार सुगमता पर काम जारी-जेटली
(India)
सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर को उच्च स्तर पर ले जाने और सुधार एजेंडे को जारी रखने को लेकर आश्वस्त वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को कहा कि एक मुख्य सुधार जिस पर भारत में अभी काम चल रहा है वह है कारोबार सुगमता और उसके लिये कदम उठाये जा रहे हैं। जेटली ने यह भी कहा कि राजनीतिक विरोध प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर सुधार समेत सुधार प्रक्रिया में बाधा पैदा नहीं कर सकता है और उन्हें उम्मीद है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) भी पारित हो जाएगा। जीएसटी उन कुछ सुधारों में शामिल है जो अटके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में कारोबार सुगमता में भारत की रैंकिंग सुधरी है लेकिन इस क्षेत्र में अभी भी काफी कुछ करने की जरूरत है। इस दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है। विश्व आर्थिक मंच की सालाना बैठक के आखिरी दिन वैश्विक आर्थिक परिदृश्य सत्र में जेटली ने कहा कि जीएसटी सरकार की प्राथमिकताओं में काफी ऊपर है जबकि आने वाले दिनों में नया दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता सुधारों की दिशा में एक और पहल है। चर्चा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने इस दौरान कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत सात प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ आकर्षक स्थान बना हुआ है जो किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था के मुकाबले ऊंची वृद्धि है। यह पूछने पर कि क्या भारत में सब कुछ ठीक चल रहा है या कोई समस्या है जेटली ने कहा कि अभी बहुत कुछ करना है और एक आधारभूत समस्या यह है कि अभी भी आबादी का बड़ा हिस्सा गरीबी में रहता है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।