कोका कोला के तीन प्लांट बंद
(India)
कोका कोला इंडिया की बॉटलिंग (बोतलबंद करने वाली) इकाई हिंदुस्तान कोका कोला बेवरेजेज ने दीर्घकालिक आर्थिक व्यवहार्यता के अभाव का हवाला देते हुए भारत में तीन स्थानों पर विनिर्माण स्थगित कर दिया है जिससे करीब 300 कर्मचारी प्रभावित होंगे। कंपनी ने जयपुर (राजस्थान) के पास कालाडेरा, विशाखापटटनम (आंध्र प्रदेश) और ब्रिनिहाट (मेघालय) में विनिर्माण स्थगित किया है। सूत्रों ने पीटीआई-भाषा को बताया, संयंत्र बंद करने का फैसला कारोबारी निर्णय है जो दीर्घकालिक आर्थिक व्यवहार्यता और संयंत्र विशेष में विनिर्मित उत्पादों की बाजार मंाग को ध्यान में रखकर लिया गया है। सूत्रों ने कहा, कालाडेरा समेत इन स्थानों पर विनिर्माण स्थगित करने का फैसला लिया गया है। इन स्थानों पर विनिर्माण छोड़कर अन्य परिचालन जारी रहेंगे। हिंदुस्तान कोका कोला बेवरेजेज (एचसीसीबीपीएल) के प्रवक्ता ने कहा, किसी अन्य विनिर्माण संगठन की तरह हम पुनर्गठन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं जहां आधुनिकतम सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और मौजूदा उत्पादन सुविधाओं का अधिकतम इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ये फैसले संयंत्र की क्षमता उपयोग को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं जो बाजार मांग और अनुमान पर आधारित हैं। प्रवक्ता ने कहा, जहां तक राजस्थान के कालाडेरा संयंत्र का सवाल है, हम फिलहाल विनिर्माण स्थगित कर रहे हैं जबकि अन्य परिचालन जारी रहेंगे। हम इस संयंत्र में उत्पादन के लिए लाइसेंस बनाए रखेंगे जो इस बात का सबूत है कि यदि मांग और आकार में बदलाव होता है तो हम कालाडेरा संयंत्र में इस गुप्त क्षमता का उपयोग कर सकते हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।