हिंदुजा बंधुओं ने कायम रखा रिकाॅर्ड
(India)

प्रवासी भारतीय उद्योगपति हिंदुजा बंधु लगातार चैथे साल ब्रिटेन में एशियाई मूल के सबसे धनी उद्यमियों की सूची में शीर्ष पर हैं और उनकी अनुमानित निजी संपत्ति 16.5 अरब पौंड है। एशियन रिच लिस्ट 2016 में भारतीय मूल के जी पी हिंदुजा और एस पी हिंदुजा शीर्ष पर हैं और सालाना रैंकिंग से पता चलता है कि उन्होंने एक साल में अपनी निजी संपत्ति में एक अरब पौंड की वृद्धि की है। इस एशियन धनी लोगों की सूची में ब्रिटेन के शीर्ष 101 सबसे धनी एशियाई लोगों की कुल संपत्ति आंकी गई है और इस सूची में ब्रिटेन स्थित प्रकाशक एशियन मीडिया एंड मार्केट ने तैयार किया है। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त नवतेज सरना द्वारा जारी इस सूची में इस्पात क्षेत्र के दिग्गज लक्ष्मी निवास मित्तल दूसरे पायदान पर हैं। हालांकि, मित्तल की संपत्ति 3.3 अरब पौंड घटकर 6.4 अरब पौंड रह गई है। वहीं अग्रणी एनआरआई उद्योगपति लार्ड स्वराज पॉल 50 करोड़ पौंड की संपत्ति के साथ 15वें पायदान पर हैं।इस साल की सूची में ब्रिटेन के सबसे धनी एशियाई लोगों की संपत्ति बढ़कर 55.54 अरब पौंड पहुंच गई है जो 2015 में 54.48 अरब पौंड थी। सबसे तेजी से बढ़ने वाले और सूची में शामिल होने वाले साइरस वांड्रेवाला 2 अरब पौंड की संपत्ति के साथ पांचवे पायदान पर रहे। अमेरिका में इंटरनेट कारोबार में पैसा बनाने के बाद वांड्रेवाला अपनी पत्नी प्रिया के साथ लंदन चले आए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।