फेसबुक अपने मैसेंजर को एक बिजनेस प्लेटफॉर्म का स्वरूप देगा। इस प्लेटफॉर्म के जरिये सामानों की खरीद बिक्री की सुविधा उपलब्ध होगी। इसकी जानकारी खुद फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने सेन फ्रांसिस्को में एफ8 डेवलपर कांफ्रेंस में दी। इस कांफ्रेंस में दुनिया भर से 2600 डेवलपर्स जुटे थे। इस दौरान मार्क ने फेसबुक के आगामी दस सालों की योजना के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि फेसबुक का लक्ष्य 7 बिलियन लोगों तक पहुंचने का है। इनमें से आधे से अधिक लोगों के पास इंटरनेट ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हम एक ग्लोबल कम्युनिटी हैं। मार्क ने कहा कि हम सभी को सबकुछ सबके साथ शेयर करने की शक्ति देना चाहते हैं। मार्क जुकरबर्ग ने अपने संबोधन के दौरान इशारे में ही अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से उम्मीदवारी हासिल करने में जुटे डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। मार्क ने कहा कि हम लोगों को एक दूसरे से जोड़ना चाहते हैं लेकिन दुर्भाग्यवश इस तकनीक का उपयोग देशों के बीच सरहदें खड़ी करने के लिए होने लगा है। उनका इशारा ट्रंप की ओर से मैक्सिको की सीमा पर दीवार बनाने और अमेरिका में मुस्लिमों के प्रवेश पर पांबदी लगाने जैसे मसलों पर दिए गए बयानों पर था।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।