नोटबंदी से चार लाख करोड़ रूपये के कालेधन का खुलासा होगा
(India)
केंद्र सरकार के थिंक टैंक नीति आयोग का दावा है कि 500 और हजार रूपये की नोटबंदी से चार लाख करोड़ रूपये के कालेधन और अघोषित आय का खुलासा होगा। इसमें से दो लाख करोड़ से ज्यादा के नोट बैंकों में जमा नहीं होंगे जबकि लोगों द्वारा घोषित दो लाख करोड़ की गैरकानूनी आय पर कानून के तहत कार्रवाई होगी। नोटबंदी का कदम सीधे तौर पर देश में मुद्रा के भेष में जमा 25 प्रतिशत काली कमाई पर अंकुश लगाएगा। नीति आयोग के सदस्य एवं जाने-माने अर्थशास्त्री विवेक देबरॉय के मुताबिक देश में कुल मुद्रा 16.4 लाख करोड़ है जिसमें से 500 और हजार के नोट 14.2 लाख करोड़ के हैं। चलन में इनका औसत करीब 8 से सवा आठ लाख करोड़ का था और शेष घर में जमा, कालाधन और अघोषित आय के तौर पर दो-2 लाख करोड़ के औसत में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के खाते में 2.5 लाख रूपये के जमा पर कोई कदम नहीं उठाए जाने की बात कही है। इसे हटाकर शेष दो या सवाल दो लाख करोड़ के नोट जो कालाधन है, वह बैंकों में जमा नहीं होगा। शेष दो लाख करोड़ ऐसा है जिस पर लोगों ने कर नहीं चुकाया है। वह सामने आएगा। देबरॉय के मुताबिक नोटबंदी से होने वाले फायदे और हकीकत का खुलासा सरकार द्वारा अगले वित्तीय वर्ष से पहले कर दिया जाएगा।

Digital Desk: Kamal