नोटबंदी और जीएसटी से बदलेगी भारतीय अर्थव्यवस्था की तस्वीर-जेटली
(India)
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार (1 दिसंबर) को इन आशंकाओं को खारिज कर दिया कि नोटबंदी की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने नोटबंदी और वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) दोनों कदमों को भारतीय अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदलने वाली पहल बताया। उल्लेखनीय है कि सरकार की एक अप्रैल से देश में जीएसटी व्यवस्था लागू करने की योजना है। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि (जीएसटी और नोटबंदी) दोनों ही पासा पलटने वाले साबित होंगे। ऐसा इसलिये होगा कि जीएसटी से जहां तक केन्द्र की बात है अधिक राजस्व जुटाने में मदद मिलेगी वहीं राज्यों को भी अधिक राजस्व प्राप्त होगा। यह एक सक्षम कराधान व्यवस्था है। इससे खामियां दूर करने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था से ओडिशा जैसे अधिक खपत वाले राज्यों को भी निश्चित रूप से फायदा होगा।’ जेटली गुरुवार को यहां ‘मेक इन ओडिशा’ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। नोटबंदी को लेकर मची हायतौबा पर वित्त मंत्री ने कहा, ‘जहां तक मुद्रा में किये गए बदलाव की बात है, नोटबंदी की यह प्रक्रिया जैसे ही एक बार पूरी होगी और अर्थव्यवस्था अपनी पूरी गति से आगे बढ़ने लगेगी, उसके बाद सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आकार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और कर आधार भी बढ़ेगा।’ वित्त मंत्री ने कहा कि नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा के रूप में अधिक धन पहुंचेगा जिसका अर्थव्यवस्था के भले के लिये इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के मौजूदा प्रयास हालांकि चुनौतीपूर्ण लगते हैं लेकिन दीर्घकाल में ये अर्थव्यवस्था के लिये फायदेमंद होंगे।

Digital Desk: Kamal