लेनदेन में कथित गड़बड़ी में शामिल 27 वरिष्ठ अधिकारी निलंबित
(India)

नोटबंदी के बाद लेनदेन में कथित गड़बड़ी में शामिल बैंक कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के 27 वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित तथा छह अन्य को स्थानांतरित कर दिया गया है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कुछ अधिकारियों के रिजर्व बैंक के निदेर्शों का उल्लंघन कर अनियमित तरीके से लेनदेन करने में शामिल होने की बात सामने आई है। इसमें कहा गया है, ऐसे कुछ मामलों में कुछ कार्रवाई की गयी है और सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के 27 अधिकारियों को निलंबित किया गया है। साथ ही छह अधिकारियों का गैर-संवेदनशील पदों पर भेज दिया गया है। मंत्रालय ने आगाह करते हुए कहा है कि सही लेनदेन को सुगम बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, अवैध कार्यो को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनियमित और अनाधिकृत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 8 नवंबर 2016 की मध्यरात्रि से 500 और 1000 रुपये के नोटों पर पाबंदी के बाद से लोग पुराने नोट बैंकों में जमा करा रहे हैं। रिजर्व बैंक ने सभी के लिये निकासी सीमा तय की है।

Digital Desk: Kamal