काला धन सफेद करने के आरोप में दो बैंक प्रबंधक गिरफ्तार
(India)
दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कश्मीरी गेट स्थित ऐक्सिस बैंक शाखा के दो बैंक प्रबंधकों को काला धन सफेद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ मनी लांड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपियों के कब्जे से तीन किलोग्राम सोने की छड़े भी बरामद की गई हैं। दोनों बैंक प्रबंधक मुखौटा कंपनियों की मदद से आरटीजीएस के जरिए भारी मात्रा में धन स्थानांतरित कर रहे थे। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने पिछले माह इसी बैंक के सामने से 3.7 करोड़ मूल्य के पुराने नोटों सहित दो लोगों को पकड़ा था। इसके बाद जब आयकर विभाग द्वारा इस मामले की जांच-पड़ताल की गई तो सामने आया कि यह केस हवाला कारोबार से जुड़ा है। ईडी के मुताबिक, यह मामला खुलने के बाद ऐक्सिस बैंक को 11 खातों की लेन-देन प्रक्रिया बंद करने के लिए कहा गया है। जिन मुखौटा कंपनियों के माध्यम से काले धन को सफेद किया जा रहा था, उनके संचालक बेहद साधारण लोग थे। जांच एजेंसी ने इस केस में कई दूसरे लोगों को भी चिन्हित किया है। इनमें जौहरी, एंट्री ऑपरेटर व अन्य व्यवसाय से जुड़े कई लोग शामिल हैं। आरोपी बैंक प्रबंधक शोभित सिन्हा और विनीत गुप्ता ने नोटबंदी के बाद काले धन को सफेद करने का गोरखधंधा शुरू किया था। ईडी का कहना है कि इस मामले में शामिल कई लोगों के पास पुराने नोट थे। नोटबंदी के बाद उन्होंने महंगे रेट पर सोने की खरीद की है। आभूषण विके्रता इन लोगों से संपर्क कर 45 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये प्रति दस ग्राम सोना बेचकर पुराने नोट स्वीकार कर रहे थे। दोनों बैंक प्रबंधकों को 39.80 करोड़ रुपये के कालेधन को सफेद करने के बदले एक-एक किलोग्राम सोना दिया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह सब उन्होंने राजीव सिंह और मोहित गर्ग के कहने पर किया है। राजीव सिंह ने अपनी शेल कंपनियों के खाते उक्त दोनों आरोपियों की ब्रांच में खोल रखे थे।

Digital Desk: Kamal