नोटबंदी के देशभर में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैसे की लिमिट होने के कारण लोग हर दिन बैंक पहुंच कर पैसा निकाल रहे हैं, वहीं कुछ अगले दिन का इंतजार करते हैं। अगर आपको भी बैंक से पैसा निकालना, जमा करना या और कोई काम है तो उसे शुक्रवार को ही निपटा ले, क्योंकि शनिवार से बैंक तीन दिन के लिए बंद रहेंगे। इसके बाद बैंक सीधे मंगलवार को बैंक खुलेंगे। दरअसल 10 दिसंबर को इस माह का दूसरा शनिवार है, इसलिए बैंक की छुट्टी रहेगी। इसके अगले दिन रविवार है तब भी साप्ताहिक अवकाश रहेगा, वहीं सोमवार (12 दिसंबर) को ईद-ए-मिलाद का त्यौहार है। इस तरह बैंक 10, 11 और 12 दिसंबर को छुट्टी पर रहेंगे। हालांकि सभी बैंकों में सोमवार के अवकाश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई, लेकिन अवकाश रहने की संभावना है। माना जा रहा है कि लगातार तीन दिन अवकाश पड़ने के कारण बैंकों के एटीएम भी कार्डधारकों की जरूरत पूरी नहीं कर पाएंगे। शुक्रवार के बाद सीधे मंगलवार को ही लेनदेन हो सकेगा। परेशानियों से बचने के लिए लोग लेनदेन को शुक्रवार को कर लें अन्यथा उन्हें परेशान होना पड़ेगा। हालांकि बैंकों ने लोगों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने का दावा किया है।
Digital Desk: Kamal