(India)
नकदी संकट से जूझ रही विमानन कंपनी स्पाइसजेट का परिचालन बुधवार को ठप्प रहा। ऐसा तेल विपणन कंपनियां द्वारा जेट इंधन की आपूर्ति नहीं करने के कारण हुआ। सूत्रों ने कहा कि तेल कंपनियों के साथ ईंधन आपूर्ति से जुड़े मुद्दे के कारण आज सुबह से विमानन कंपनी के एक भी विमान ने उड़ान नहीं भरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अब तक स्पाइसजेट को दो-सप्ताह के ऋण सुविधा के आधार पर जेट ईंधन की आपूर्ति फिर से शुरू करने के संबंध में फैसला नहीं किया है। संकटग्रस्त विमानन कंपनी के बचाव में नागर विमानन मंत्रालय ने कल कहा था कि वह तेल कंपनियों और हवाईअड्डा परिचालकों को गुजारिश करेगा कि स्पाइसजेट को 15 दिन की ऋण सुविधा दे ताकि विमानन कंपनी को बंद होने से बचाया जा सके। विमानन मंत्रालय ने कहा था कि स्पाइसजेट का परिचालन जारी रखने की प्रक्रिया के अंग के तौर पर वह भारतीय बैंकों-वित्तीय संस्थानों से विमानन कंपनी को 600 करोड़ रुपये तक का ऋण देने के लिए कह सकता है। इसके अलावा वह वित्त मंत्रालय से भी विशेष व्यवस्था के तहत कार्य पूंजी के लिए वाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) की मंजूरी के संबंध में बात करेगा। इन पहलों का प्रस्ताव हालांकि इस शर्त के साथ किया गया है कि संकटग्रस्त विमानन कंपनी जल्द से जल्द पूंजी डालने के प्रति प्रतिबद्धता जताएगी। ये पहलें स्पाइस जेट के मुख्य परिचालन अधिकारी संजीव कपूर के सन समूह की मुख्य वित्त अधिकार एस एल नारायण के साथ नागर विमानन मंत्री और नागर विमानन महानिदेशालय प्रभात कुमार के साथ हुई मुलाकात के बाद की गई हैं, जिसमें उन्होंने संकट से उबरने में सरकार की मदद मांगी थी।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।