(India)
कैग ने रेलवे को अपने निगरानी तंत्र को मजबूत करने को कहा है। संसद में आज पेश ताजा रिपोर्ट में कैग ने कहा, ‘गतिविधियों वाले विभिन्न केंद्रों पर वैगनों को अधिक समय तक रोकने की वजह से जरूरत वाले दूसरे केन्द्रों पर वैगनों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। मालगाड़ियों के परिचालन के लिए इंजन उपलब्ध नहीं होने की वजह तथा इन गाड़ियों की औसत गति में कमी से भी माल ढुलाई प्रभावित हुई है।’ कैग ने कहा है कि रेलवे को अपनी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रेलवे प्रणाली में 15,815 वैगनों को जोड़ने में विलंब से सात क्षेत्रों में रेलवे की आमदनी क्षमता 1,635.67 करोड़ रुपये की कमी आई। रिपोर्ट में कहा गया है कि आमदनी के लिहाज से माल की ढुलाई रेलवे की प्रमुख गतिविधि है। देश में कुल माल ढुलाई में रेलवे की 35 फीसदी हिस्सेदारी है। रेलवे की कुल आमदनी में दो-तिहाई माल ढुलाई से आती है। राष्ट्रीय ऑडिटर ने अपनी रिपोर्ट में 2008 से 2013 के दौरान मालगाड़ियों के परिचालन प्रदर्शन की समीक्षा की है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।