मोदी ने तुर्की की कंपनियों को दिया निवेश का न्यौता
(DELHI, DELHI) भारत दौरे के दूसरे दिन तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगान और पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में एक बिजनेस इवेंट को संबोधित किया। पीएम मोदी ने तुर्की की कंपनियों को रेल, बंदरगाह, हवाईअड्डा, कपड़ा, वाहन, ऊर्जा, पर्यटन और आवास के क्षेत्र में निवेश का न्यौता दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि तुर्की के उद्योगपतियों को भारत में कम लागत वाली विनिर्माण क्षमता का लाभ उठाना चाहिए।

इससे पहले एर्दोगान का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और पीएम मोदी ने उनका वहां गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद एर्दोगान राजघाट गए और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उसके बाद वह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिले।

गौरतलब है कि एर्दोगान भारत के अधिकारिक दौरे पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। तुर्की के राष्ट्रपति ने रविवार को कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए बहुपक्षीय वार्ता का सुझाव दिया ताकि क्षेत्र में शांति सुनिश्चित हो सके। एर्दोगान ने मोदी के साथ बातचीत से पहले परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में सदस्यता के लिए पाकिस्तान के साथ भारत के प्रयास के पक्ष में भी राय जाहिर की और कहा कि भारत को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

Digital Desk: Firoz Khan

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।