PAYTM बैंक की शुरुआत: 25000 रुपये जमा कराओ मिलेगा 250 रुपये का कैशबैक
(DELHI, DELHI) डिजिटल भुगतान करने वाली कंपनी पेटीएम ने आज अपने भुगतान बैंक की शुरुआत कर दी। बैंक ने जमा पूंजी पर चार प्रतिशत की दर से ब्याज और कैशबैक की पेशकश की है। इसी प्रकार भुगतान बैंक के जरिये ऑनलाइन लेनदेन पर कोई फीस नहीं लेने और खाते में न्यूनतम बकाये की भी कोई शर्त नहीं रखी गई है। कंपनी ने वर्ष 2020 तक पचास करोड़ ग्राहक अपने साथ जोड़ने का टार्गेट रखा है। पेटीएम के भुगतान बैंक को चीन की अलीबाबा और जापान के बड़े निवेश बैंक साफटबैंक का भी समर्थन प्राप्त है। यही वजह है कि कंपनी ने दो साल के दौरान अपने बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार के लिये 400 करोड़ रुपये की शुरुआती निवेश की योजना बनाई है। पेटीएम भुगतान बैंक के चेयरमैन विजय शेखर शर्मा ने इस अवसर पर जारी एक कार्यक्रम में कहा कि रिजर्व बैंक ने हमें दुनिया में एक नई तरह के बैंकिंग मॉडल की शुरुआत करने का मौका दिया है। हमें इस बात को लेकर गर्व है कि हमारे ग्राहकों की जमा पूंजी को सुरक्षित तरीके से सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किया जा सकेगा और इसका इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में होगा। हमारी कोई भी जमा राशि किसी जोखिम वाली परिसंपत्ति में परिवर्तित नहीं होगी। पेटीएम के इस समय कई ग्राहक हैं जो उसके डिजिटल वॉलेट का इस्तेमाल करते हैं। इन ग्राहकों के वॉलेट को अब भुगतान बैंक में स्थानांतरित कर दिया जायेगा। उपयोक्ताओं को अब खाता खोलने के लिये अपने ग्राहक को जानिये नियमों को पूरा करना होगा। कंपनी केवाईसी अनुपालन केन्द्रों को स्थापित कर रही है ताकि ग्राहकों के खाते खोले जा सकें। इंडिया पोस्ट, एयरटेल पहले ईएसए कर चुकी हैं ,पेटीएम देश की तीसरी कंपनी होगी जिसने भुगतान बैंक की शुरुआत की है।

Digital Desk: Firoz Khan

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।