ऑफरः फ्लिपकार्ट ने स्नैपडील को खरीदने के लिये 90-95 करोड़ डॉलर की नई पेशकश की
(DELHI, DELHI) ऑनलाइन खुदरा बिक्री प्लेटफार्म उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी फ्लिपकार्ट ने समझा जाता है कि स्नैपडील का अधिग्रहण करने के लिये 90 से 95 करोड़ डॉलर की नई पेशकश की है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
बेंगलरू स्थित इस कंपनी ने स्नैपडील के आनलाइन मार्किट प्लेस और यूनिकॉमर्स को खरीदने के लिये यह राशि देने की पेशकश की है। इस समूचे घटनाक्रम से जुड़े दो लोगों ने यह बात कही है। स्नैपडील ने वर्ष 2015 में यूनिकॉमर्स का अधिग्रहण किया था। यूनिकॉमर्स एक ई-वाणिज्य प्रबंधन सॉफ्टवेयर और पूर्ण समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी है।
सूत्रों ने अपनी पहचान जाहिर करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सौदे को लेकर बातचीत अभी चल रही है और इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। एक सूत्र ने बताया कि स्नैपडील के निदेशक मंडल की अब इस ताजा अधिग्रहण पेशकश पर विचार विमर्श के लिये बैठक होगी। उम्मीद की जाती है कि इस ताजा पेशकश को स्वीकार कर लिया जायेगा। सूत्र ने कहा कि इसमें नकद और संपत्तियों को लेकर थोड़ा बहुत फेरबदल हो सकता है।
स्नैपडील के निदेशक मंडल ने इससे पहले फ्लिपकार्ट के अधिग्रहण के लिये 80 से 85 करोड़ डर की अधिग्रहण पेशकश की थी। बहरहाल, अब यदि स्नैपडील का निदेशक मंडल नई पेशकश को स्वीकार कर लेता है तो उसके बाद दोनों पक्ष बिक्री और खरीद समझौते पर बातचीत कर सकते हैं। बहरहाल, इसमें अभी कुछ सप्ताह का समय लग सकता है।
फ्लिपकार्ट और स्नैपडील ने उन्हें इस संबंध में ई-मेल पर भेजे गये सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।

Digital Desk: Firoz Khan

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।