(India)
नरेंद्र मोदी सरकार में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने गुरुवार (28 सितंबर) को एक अखबार में लेख लिखकर बुधवार (27 सितंबर) को अपने पिता यशवंत सिन्हा द्वारा देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति की आलोचन का जवाब दिया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित आलेख में लिखा था, “अर्थव्यवस्था तेजी से नीचे जा रही है, ठोकर लगनी तय है। भाजपा में बहुत से लोग यह बात जानते हैं मगर डर की वजह से कुछ बोलते नहीं।” जयंत सिन्हा ने अपने जवाबी आलेख में लिखा है, “भारतीय अर्थव्यस्था के बदलते चेहरे पर हाल में कई लेख प्रकाशित हुए हैं। दुर्भाग्यवश, ये लेख सीमित तथ्यों के आलोक में अतिसरलीकरण करते हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था में मूलभूत बदलावों पर इनकी नजर नहीं जाती है। इतना ही नहीं एक या दो तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर और दूसरे आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था के मूल्याकंन के लिए काफी नहीं हैं। इनसे ढांचागत बदलावों के दीर्घकालीन प्रभावों का पता नहीं चलता।” जयंत सिन्हा ने अपने लेख में यशवंत सिन्हा का नाम नहीं लिया है लेकिन नेशनल हेरल्ड ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि जयंत को उनके पिता के लेख का जवाब देने के लिए बीजेपी और मोदी सरकार के शीर्ष लोगों ने कहा।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।