कराची में गोदी हमले के लिए तालिबान जिम्मेदार
(International)
पाकिस्तान शहर कराची में गोदी पर नाकाम आतंकवादी हमलों में तालिबान की सिंध यूनिट का हाथ था। पाक अखबार ‘द डॉन’ ने यह खुलासा किया है। अखबार के मुताबिक खुफिया एजेंसियों ने अपनी शुरुआती जांच की रिपोर्ट में बताया कि 6 दिसंबर को नौसैनिक गोदी पर हमले में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान की सिंध यूनिट शामिल थी। रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर नौसैनिक कारखाने के अलावा कई अहम जगहों को नष्ट करना चाहते थे। नौसैनिक कमांडो की द्वारा की गई कार्रवाई ने आतंकवादी हमले को नाकाम कर दिया। अखबार ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि तालिबान की सिंध यूनिट, प्रांतीय सरकार के कई विभागों में घुसपैठ कर चुकी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आतंकवादी हमले के सिलसिले में 14 सैन्यकर्मी समेत 21 संदिग्ध गिरफ्तार किए गए हैं। इससे पहले, बलूचिस्तान के क्वेटा से एक नौसैनिक अधिकारी समेत तीन सैन्यकर्मी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हिरासत में लिए गए संदिग्धों ने पूछताछ के दौरान बताया कि इस हमले में शामिल सभी लोगों ने हमले के बाद अफगानिस्तान भाग जाने का प्लान बनाया था। नौसैनिक कमांडो ने गोदी पर हमले को नाकाम कर दिया था। इसमें एक नाविक और दो हमलावर मारे गए थे जबकि चार हमलावरों को जिंदा पकड़ लिया गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।