हांगकांग में लोकतंत्र आंदोलन: प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज
(International) हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आज लाठी चार्ज किया और पेप्पर स्प्रे (काली मिर्च का पाउडर) छोड़ा जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़पें हुईं। इस बीच छात्र नेताओं ने सरकार के साथ बातचीत के लिए फिर सहमति जताई है। विरोध प्रदर्शन का आज सातवां दिन है और लोकतंत्र समर्थक, सरकारी मुख्यालयों के समीप एडमाइरेल्टी जिले में शांति रैली निकालने के लिए एकत्र हुए। वह लोग ‘शांति.. हिंसा का विरोध’ जैसे तथा लोकतंत्र के पक्ष में नारे लगा रहे थे। इसी बीच मोंग कॉक जिले में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को घेर कर अपराधियों के साथ सहयोग करने का आरोप लगाया जिसके बाद पुलिस ने उन पर पेप्पर स्प्रे छोड़ा। पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज भी किया और फिर दोनों पक्षों में झड़पें हुईं तथा वहां तनाव फैल गया। लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारी पूरे सप्ताह आंदोलन करते रहे। वह लोग ऐसे व्यक्ति को नामित करने का अधिकार मांग रहे हैं जो वर्ष 2017 में होने जा रहे चुनावों में उनके नेता के तौर पर खड़ा हो सके। बीजिंग का कहना है कि चुनाव में वही प्रत्याशी खड़े होंगे जिन्हें उसने मंजूरी दी है। आज सुबह छात्र नेताओं ने कहा कि अगर उनकी कुछ मांगें पूरी कर ली जाती हैं तो वह सरकार के साथ बातचीत करेंगे। हालांकि पूर्व में हुई झड़पों के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर उन्होंने एक दिन पहले नियोजित वार्ता रद्द कर दी थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।