अमेरिका के इस्लामिक स्टेट के खिलाफ आगे बढ़ने पर ओबामा आश्वस्त
(International) ओबामा ने कहा कि हमारे सहयोगियों के साथ मिलकर किए जा रहे हमारे हमले जारी हैं। यह एक मुश्किल अभियान है। जैसे कि मैंने शुरूआत से ही संकेत दिए थे कि इसका हल रातोंरात नहीं निकलने वाला। पेंटागन में शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ मौजूद ओबामा ने कहा कि अच्छी खबर यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी व्यापक सहमति बन रही है कि इस्लामिक स्टेट दुनिया की शांति के लिए एक खतरा है और ‘उनके क्रूर बर्ताव से निपटा जाना जरूरी है।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हम आश्वस्त हैं कि हम इराकी सरकार के साथ साझेदारी में प्रगति जारी रखेंगे क्योंकि अंतत: यह महत्वपूर्ण होगा कि हमारी मदद से वे खुद अपने देश की सुरक्षा कर पाएं और क्षेत्र में दीर्घकालीन समृद्धि के लिए जरूरी राजनैतिक समाधान ढूंढें। अमेरिकी नेतृत्व में किए जाने वाले हवाई हमलों के बावजूद इराक एवं सीरिया में कब्जाए गए अधिकांश क्षेत्र में नियंत्रण बरकरार रखने वाले आईएस को नष्ट करने का संकल्प ओबामा ने लिया है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के जमीनी रक्षा बलों को इस युद्ध से बाहर रखने का भी संकल्प लिया है। आईएसआईएस और आईएसआईएल नामों से भी पहचाने जाने वाला यह आतंकी समूह सीरिया में पश्चिमी देशों के चार बंधकों के सिर काटकर और इसे वीडियो के माध्यम से प्रसारित करके अपनी क्रूरता का प्रदर्शन कर चुका है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।