भारत के ग्रिड से जोडने वाले सिस्टम के नाकाम होने के बाद पूरे बांग्लादेश की बिजली गुल हो गई है। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे से पूरे देश की बत्ती गुल हो गई। राष्ट्रीय ग्रिड से जुड़ा देश का हर भाग इससे प्रभावित हुआ। प्रधानमंत्री कार्यालय, संसद और अन्य सरकारी इमारतों पर इसका असर पड़ा। मगर ढाका के मुख्य एयरपोर्ट और अस्पतालों में जेनरेटर की मदद से काम चलाया जा रहा है। भारत ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया है। पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआइएल) के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि दिक्कत बांग्लादेश की ओर से आई है। भारत की ओर से कोई समस्या नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि इंजीनियर इस दिक्कत को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। समस्या की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। बांग्लादेश ने पिछले साल अक्टूबर में भारत से बिजली का आयात शुरू किया था। बिजली मंत्री नसरुल हमीद बीपू ने बताया कि भारत से मिलने वाली बिजली का वितरण करने वाले एक सब स्टेशन में तकनीकी दिक्कत आने की वजह से बिजली गुल हुई। इसके चलते देश के सभी बिजलीघर एक-एक करके बंद होते गए। बहुत कोशिशों के बाद कुछ बिजलीघरों में बिजली वापस आने लगी है। जल्द पूरे देश में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।