इराक और सीरिया में कुर्द लड़ाकों के मजबूत विरोध से निपटने में विफल रहे इस्लामिक स्टेट (आइएस) आतंकी अपनी भड़ास कायरतापूर्ण तरीकों से बच्चों पर उतार रहे हैं। सीरिया के उत्तरी कस्बे कोबानी से पकड़े गए कुर्द बच्चों को आइएस आतंकी कोड़े मारना और बिजली के तारों से पीटना जैसी यातनाएं दे रहे हैं। कोबानी को जीतने के लिए आतंकी महीने भर से डेरा डाले हुए हैं। मगर उनके मंसूबे अभी तक विफल रहे हैं। एक अमेरिकी मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट्स वाच ने कई बच्चों के इंटरव्यू के आधार पर यह दावा किया। संस्था के मुताबिक, आतंकियों ने अलेप्पो से मई में परीक्षा देकर कोबानी वापस लौट रहे करीब 150 छात्रों का अपहरण कर लिया था। इनमें से करीब 50 भाग निकलने में सफल रहे थे। कैद में मौजूद छात्रों को आतंकियों ने टुकड़ों में रिहा किया। आखिरी बार 29 अक्टूबर को छात्र रिहा किए गए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।