अमेरिका ने कहा- बगदादी के मारे जाने की कोई सूचना नहीं
(International) पेंटागन ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के नेता अबू बकर अल बगदादी के मारे जाने की रिपोर्ट की पुष्टि किए बिना कहा है कि अमेरिका बगदादी को विशेष रूप से अपने निशाने पर नहीं ले रहा है लेकिन उसके हवाई हमलों का मकसद आतंकवादी संगठन को नष्ट करना है । विदेश विभाग की प्रवक्ता जेन पेसाकी ने कहा, ‘ हम इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि आईएसआईएल नेता बगदादी हमले के समय मौजूद लोगों में शामिल था। इस समय उन हमलों के बारे में हमारे पास कोई और सूचना उपलब्ध नहीं है ।’ इससे पूर्व दिन में पेंटागन ने भी इसी प्रकार की जानकारी दी थी। पेंटागन प्रवक्ता कर्नल स्टीव वारेन ने कहा , ‘ हमारे पास इराक से आ रही उन रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए कोई सूचना नहीं है जिनमें कहा गया है कि बगदादी मारा गया है या घायल हुआ है । ’ अमेरिकी नेतृत्व में शुक्रवार को मोसूल के समीप किए गए हवाई हमलों में दस सशस्त्र ट्रकों का एक काफिला नष्ट हो गया था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने यह जानकारी दी। वारेन ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि काफिले में बगदादी भी था या नहीं । पेंटागन के शीर्ष प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका आईएसआईएल को ध्वस्त करने के लिए हमले कर रहा है लेकिन वह विशेष रूप से बगदादी को निशाना नहीं बना रहा । लेकिन उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि बगदादी आईएसआईएल का कमांडर है ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।