पाकिस्तानी सैनिकों को ट्रेनिंग दे रही है चीनी सेना
(International)
चीन की सेना पाकिस्तान के सैनिकों को जम्मू-कश्मीर सीमा के करीब ट्रेनिंग दे रही है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी है। रिपोर्ट बीएसएफ की खुफिया शाखा ने तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन की सेना पाकिस्तान के सैनिकों को हथियार संभालने और चलाने की ट्रेनिंग दे रही है। यह ट्रेनिंग राजौरी सेक्टर के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा के उस पार आगे की रक्षा चैकियों पर चल रही है। बीएसएफ के मुताबिक, श्रीगंगानगर सेक्टर के पास पाकिस्तानी रेंजर्स की जगह अब सैनिक आ गए हैं। इसके अनुसार, पंजाब के अबोहर और गुरदासपुर सेक्टर के पार पाकिस्तान ने नई निगरानी चैकियां कायम कर ली हैं। बीएसएफ की रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा पर बातचीत के रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स भारतीय सैनिकों और संपत्तियों को निशाना बनाने के लिए रणनीतिक ठिकानों और चैकियों पर स्नाइपर तैनात करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय सीमा और लाइन ऑफ कंट्रोल के करीब पाकिस्तानी सेना के कमांडो के विशेष दस्ते भी तैनात किए गए हैं, जो भारतीय क्षेत्र में हमला भी कर सकते हैं। खुफिया शाखा का यह भी कहना है कि पाकिस्तान के सियालकोट में आतंकवादियों के एक बहुत बड़े समूह का पता चला है जो जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के दौरान घुसपैठ करने की साजिश रच रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।