नेपाल की राजधानी काठमांडू में दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय संघ दक्षेस की बैठक के दौरान एक दूसरे से नजरें तक मिलाने से कतराने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हाथ मिलाकर एक दूसरे का अभिवादन किया हालांकि उन दोनों के बीच कोई संवाद नहीं हुआ। दक्षेस बैठक के आखिरी दिन आज मेजबान देश नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोईराला ने दक्षेस बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे नेताओं के सम्मान में पर्यटन स्थल धुलीखेल में दिन के भोजन का आयोजन किया था। इस मौके पर जैसे ही नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ का आमना-सामना हुआ दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर एक दूसरे का अभिवादन किया। इससे पूर्व दोनों नेताओं ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर धुलीखेल और उसके आसपास के स्थानों का दौरा किया। धुलीखेल नेपाल का काफी जाना-माना पर्यटन स्थल है। नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ ने कल दक्षेस शिखर बैठक के मंच पर एक साथ बैठे थे लेकिन आपस में नजरें तक नहीं मिलाई थी जबकि शिखर बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक की संभावना जताई जा रही थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।