पाकिस्तान ने 40 भारतीय कैदीयों को किया रिहा।
(International) कराची की जिला जेल मालीर से बंदियों की रिहाई नेपाल में 18वें दक्षेस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ द्वारा एक-दूसरे से गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाए जाने और एक-दूसरे का अभिवादन किए जाने के एक दिन बाद हुई है। ईधी फाउंडेशन चैरिटी के प्रवक्ता अनवर काजमी ने बताया कि रिहा किए गए बंदियों में 36 मछुआरे और चार अन्य हैं। काजमी ने कहा कि हमारा संगठन रिहा किए गए प्रत्येक बंदी को उनके परिवारों के लिए कपड़े के पैकेट और दस-दस हजार रुपये दे रहा है और उन्हें वाघा सीमा तक पहुंचाने के लिए परिवहन उपलब्ध करा रहा है। उन्हें लाहौर ले जाया जाएगा तथा वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। गोरतलब है कि कथित रूप से यह स्पष्ट नहीं है कि मछुआरों को कब गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दुनिया टीवी ने खबर दी है कि उन्हें करीब एक साल पहले पकड़ा गया था। सरकार ने अब तक रिहाई पर टिप्पणी नहीं की है, लेकिन एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि यह एक सदभावना है और भारतीयों को मानवीय आधार पर छोड़ा गया है। अधिकारी ने कहा, जब प्रधानमंत्री नवाज शरीफ मई में भारत गए थे तो हमने 151 बंदियों को रिहा किया था। उन्होंने कहा कि भारत को भी पाकिस्तानी बंदियों और मछुआरों को छोड़ देना चाहिए। भारत और पाकिस्तान अचिहिनत जल सीमा में घुसने पर अक्सर एक-दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।