अफगारिस्तान में पिछले दो दिनों में 141 आतंकियों का सफाया
(International)
अफगानिस्तान सेना की ओर से चलाए जा रहे अभियान में पिछले दो दिनों में 141 आतंकी मारे गए हैं। यह जानकारी अफगान रक्षा मंत्रालय ने दी। मंत्रालय के मुताबिक, अफगानिस्तान की राष्ट्रीय सेना ने कुनार, नांगरहर, गजनी, हेलमंड, उरुजगन, बाल्ख व हेरात क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया है। पिछले 48 घंटों में 141 आतंकी मारे गए। मारे गए आतंकियों में कुनार प्रांत के पूर्वी क्षेत्र दंगम का स्वघोषित तालिबान गवर्नर अहमद खान भी शामिल है। मंत्रालय के बयान में पांच सैनिकों के मारे जाने की भी पुष्टि की गई है। इन सैनिकों की मौत आतंकियों की ओर से भारी गोलीबारी व सड़क किनारे लगाए गए बमों के विस्फोट से हुई। सेना के जवानों ने दो दिनों में सड़क के किनारे बिछाए गए 115 बम व लैंडमाइन निष्क्रिय किए। तालिबान की तरफ से इन मौतों पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। अफगानिस्तान से विदेशी सेनाओं की वापसी के बीच तालिबान की ओर से हिंसक घटनाओं में इजाफा हुआ है। सेना भी आतंकियों के सफाए में जुटी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।