सीरिया में इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने अपने 100 विदेशी लड़ाकों को मौत के घाट उतार दिया है। अखबार फाइनेंशियल टाइम्स ने यह दावा किया है। अखबार के मुताबिक इन लड़ाकों का सीरिया में लड़ाई की वास्तविकताओं से मोहभंग हो गया था। वे राका स्थित आइएस मुख्यालय से भागने की फिराक में थे। एक कार्यकर्ता ने अखबार से बातचीत में खबर की पुष्टि की है। इधर, राका में आइएस लड़ाकों ने बताया कि संगठन ने ड्यूटी के लिए रिपोर्ट नहीं करने वाले विदेशी लड़ाकों पर शिकंजा कसने के लिए मिलिट्री पुलिस का गठन किया है। दर्जनों घरों पर छापेमारी कर कई लड़ाकों को गिरफ्तार किया गया है। अक्टूबर में ब्रिटिश मीडिया ने दावा किया था कि ब्रिटेन के पांच, फ्रांस के तीन, जर्मनी के दो और बेल्जियम के दो नागरिक घर लौटना चाहते हैं, जिन्हें आइएस ने कैद कर लिया। किंग्स कॉलेज ऑफ लंदन के ‘कट्टरता पर अंतरराष्ट्रीय अध्ययन केंद्र’ के अनुसार तीस से 50 ब्रिटिश घर लौटना चाहते हैं लेकिन उन्हें गिरफ्तार किए जाने का डर है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।