यूएन ने सुधारी हाफिज सईद को साहिब कहने की भूल
(International)
संयुक्त राष्ट्र ने हाफिज सईद को साहिब कहने की भूल तो सोमवार को सुधार ली लेकिन पाकिस्तान सरकार 26ः11 को मुंबई हमले के अहम साजिशकर्ता और लश्कर आतंकी जकी उर रहमान लखवी की जमानत के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करने से चूक गई। ये चूक इस मुद्दे पर नवाज शरीफ सरकार की संजीदगी की ओर इशारा करती है। इतना ही नहीं, प्रतिबंधित आतंकी गुट लश्कर-ए-झांगवी के प्रमुख मलिक इशाक को सोमवार को रिहा कर दिया गया है। पाकिस्तान सरकार के उसकी हिरासत अवधि बढ़ाए जाने पर विचार न करने से उसे छोड़ा गया। इस्लामाबाद में आतंकवाद रोधी अदालत के लखवी को जमानत मिलने के बाद सोमवार को पाकिस्तान सरकार के वकील को हाईकोर्ट में इस फैसले के खिलाफ अपील करनी थी। लेकिन अभियोजन पक्ष निचली अदालत के फैसले की कॉपी नहीं मिलने से अपील दायर नहीं कर सका। उल्लेखनीय है कि निचली अदालत में भी अभियोजन पक्ष ने यही कहा था कि वह मामले में और गवाह पेश करना चाहते थे लेकिन उससे पहले ही अदालत का फैसला आ गया। उन्हें तब भी अदालत का फैसला अप्रत्याशित लगा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।