(International)
एयर एशिया के सूत्रों ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान से संपर्क टूट गया है। फिलहाल विमान से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। फिलहाल विमान कहां है इसकी कोई जानकारी नहीं है। विमान से अंतिम बार आज सुबह 7.24 से संपर्क हुआ था। एक यातायात अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि जकार्ता हवाई यातायात नियंत्रक से विमान QZ 8501 का संपर्क स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 24 मिनट के ठीक बाद टूट गया था। विमान के साथ संपर्क इसके उड़ान भरने के 42 मिनट बाद टूट गया था। विमान में कोई भारतीय नागरिक सवार नहीं था। स्थानीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर विमान ने इंडोनेशिया के सुराबाया से उड़ान भरी और इसे सिंगापुर के चांगी हवाईअड्डे पर सुबह साढ़े 8 बजे उतरना था। एयर एशिया के फेसबुक पेज पर एक बयान में कहा गया है एयर एशिया इंडोनेशिया बहुत दुख के साथ इस बात की पुष्टि करता है कि सुराबाया से सिंगापुर को जाने वाले विमान QZ 8501 का हवाई यातायात नियंत्रक के साथ संपर्क आज सुबह सात बजकर 24 मिनट पर टूट गया। इस बयान में कहा गया है, दुर्भाग्यवश हमें इस समय विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन जैसे ही और अधिक जानकारी आती है, हम सभी पक्षों को उसके बारे में अवगत कराते रहेंगे। यह विमान ए320-200 एयरबस है और इसकी पंजीकरण संख्या पीके-एएक्ससी है। बयान में कहा गया, इस समय विमान को खोजने के लिए अभियान जारी हैं और एयर एशिया बचाव इसमें अपना पूरा सहयोग कर रही है। स्थानीय मीडिया की खबर के अनुसार, इंडोनेशियाई परिवहन मंत्रालय के अधिकारी हादी मुस्तफा ने कहा कि संपर्क टूटने से पहले विमान ने आम तौर पर अपनाए जाने वाले रास्ते से अलग एक रास्ते के बारे में पूछा था। हादी के हवाले से कहा गया कि विमान का संपर्क कलीमंतन और बेलीटंग द्वीप के बीच कहीं टूटा है। इंडोनेशियाई परिवहन अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि विमान में 155 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार हैं। इंडोनेशियन टीवी की खबर के अनुसार, विमान में सवार लोगों में 149 लोग इंडोनेशियाई, तीन कोरियाई, एक सिंगापुर निवासी, एक ब्रितानी और एक मलेशियाई नागरिक हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।