इस्लाम का अपमान करने के आरोप में दस साल जेल और 1000 कोड़े की सजा पाए सऊदी ब्लॉगर को जुमे की नमाज के बाद आज मस्जिद के बाहर ही सार्वजनिक तौर पर कोड़े लगाए जाएंगे। केस से जुड़े एक शख्स के मुताबिक, तटीय शहर जेद्दाह की मस्जिद के बाहर ब्लॉगर को सजा दी जाएगी। लंदन स्थित मानवाधिकार संस्था ऐमनेस्टी इंटरनैशनल का कहना है कि बाद्दावी को हर हफ्ते 50 कोड़े लगाए जाएंगे और 20 हफ्तों तक उन्हें यह सजा दी जाएगी। एक स्वतंत्र ऑनलाइन फोरम पर इस्लाम का अपमान करने के केस में ब्लॉगर रैफ बाद्दावी को सजा सुनाई गई थी। जेद्दाह क्रिमिनल कोर्ट ने ब्लॉगर रैफ को जेल के अलावा दस लाख सऊदी रियाल जुर्माने के तौर पर भी देना का आदेश दिया था। रैफ बाद्दावी 2012 से जेल में है और उनकी वेबसाइट को भी बंद कर दिया गया है। मानवाधिकार कार्यकर्ता ब्लॉगर के खिलाफ हो रही इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। इस मामले से जुड़े एक शख्स ने बताया कि बाद्दावी ने जेल से फोन पर अपने परिवार को इस बात की जानकारी दी है कि उसे जुमे के दिन कोड़े लगाए जाएंगे। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, एक शख्स ने सरकार के डर से नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि सरकार बाद्दावी के केस को एक उदाहरण के तौर पर पेश कर रही है ताकि यह संदेश दिया जा सके कि ऐसे मामलों में बाकी लोगों के साथ भी ऐसा ही बर्ताव होगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।