आईएस आतंकियों के खिलाफ ओबामा ने मांगे ज्यादा पावर्स
(International)
पाकिस्तान से लेकर पैरिस की सड़कों तक आतंकवादियों के सफाये के लिए अथक प्रयास करने का संकल्प जताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कांग्रेस से इस्लामिक स्टेट के उग्रवादियों के खिलाफ ज्यादा पावर्स को मंजूरी देने की अपील की है। अमेरिका की अर्थव्यवस्था के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था अब संकट के दौर से निकल चुकी है और मजबूत स्थिति में है। वे कई मुद्दों को लेकर अपने कार्यकाल की तारीफ करते नजर आए। भारत दौरे से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा राजधानी वाशिंगटन डीसी में अपना सालाना राष्ट्र के नाम संदेश दे रहे थे। जिसमें उन्होंने कहा कि हम आतंकवादियों का सफाया करते रहेंगे। हमने एकतरफा कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखा है। अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए ओबामा ने कहा कि अमेरिका 1999 से सबसे ज्यादा नौकरी देने वाला देश है और 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा नौकरियों के अवसर पैदा किए गए। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि अगर राजनीति आड़े न आए तो नीतियां और भी बेहतर तरीके से काम कर सकती हैं। इसके अलावा सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम पर लगाम लगाना उनके एजेंडे में अब सबसे ऊपर है। ओबामा ने दुनिया को इबोला के खिलाफ भी साथ आने की अपील की और कहा कि इसे रोकने में सफलता मिल रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।