प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विश्व के 31 नेताओं की निजी जानकारियां पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में हुए जी20 शिखर सम्मेलन में गलती से सार्वजनिक हो गई थीं। गार्जियन के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई आव्रजन विभाग के एक कर्मचारी के ईमेल भेजने में हुई गलती के कारण ऐसा हुआ। ब्योरों में नाम, जन्म तिथि, पद, पासपोर्ट नंबर, वीजा नंबर, वीजा उपवर्ग और अन्य निजी जानकारियां शामिल थीं। गलती से नेताओं के निजी ब्योरे एशियन कप फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजकों के पास पहुंच गए। खबर के मुताबिक, मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन उन नेताओं में शामिल हैं जिनकी जानकारियां सार्वजनिक हो गईं। ऑस्ट्रेलियाई आव्रजन विभाग के निदेशक ने 7 नवंबर 2014 की इस घटना के बारे में बताने और फौरी सलाह मांगने के लिए ऑस्ट्रेलिया के निजता आयुक्त से संपर्क किया। अधिकारी के मुताबिक कर्मचारी ने गलती से एशियन कप की स्थायी आयोजन समिति के एक सदस्य को निजी जानकारी के साथ ईमेल कर दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।