सैलरी लेने पहुंचे 37 लोगों की आत्मघाती हमले में मौत
(International) अफगानिस्तान के जलालाबाद शहर में शनिवार सुबह आत्मघाती हमला हुआ। इसमें कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा घायल हुए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अफगानिस्तान के स्वास्थ्य विभाग मुताबिक, जलालाबाद में हुए दोहरे धमाके में अधिकांश घायलों की हालत बेहद नाजुक है। विभाग के प्रवक्ता इनामुल्ला मियाखेल के मुताबिक, मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। आईएसआईएस प्रवक्ता शाईदुल्ला ने आत्मघाती हमलावर की पहचान का खुलासा करते हुए उसका नाम अबु मोहम्मद खुरासानी बताया है। इस बीच पुलिस चीफ फैजल अहमद शेरजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दूसरा धमाका घायलों की मदद करने के लिए लोगों के पहुंचने पर किया गया था।" पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि क्या हमलावर ने सुसाइड जैकेट पहन रखी थी या विस्फोटक कार में रखकर डेटोनेट किया गया। शेरजाद ने कहा, "आत्मघाती हमला कैसा था, इस पर कुछ भी कह पाना अभी जल्दबाजी होगी।"बताया जा रहा है कि एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को शहर के प्राइवेट काबुल बैंक के पास विस्फोट कर उड़ा लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जब लोग बैंक से सैलरी लेने के लिए कतार में लगे थे, तभी हमलावर ने सुसाइड बेल्ट को डेटोनेट कर दिया। वहीं, दूसरा धमाका म्युनिसिपैलिटी बिल्डिंग के पास एक मस्जिद के पास हुआ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।