लखवी ने मांगी अदालत में व्यक्तिगत पेशी से छूट
(International)



मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड जकी-उर-रहमान लखवी ने सुरक्षा कारणों से कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग की है। आतंक निरोधी कोर्ट (एटीसी) में उसके खिलाफ मामले की सुनवाई बुधवार को शुरू होगी। स्थानीय अखबार डाॅन में छपी खबर के मुताबिक एटीसी जज सोहेल इकराम ने लखवी के आवेदन के मद्देनजर सोमवार को संघीय जांच एजेंसी (एफआइए) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मुंबई हमलों के मामले में लखवी के खिलाफ सुनवाई फरवरी 2009 में शुरू हुई थी। यह सुनवाई रावलपिंडी के अदिला जेल में होती रही है, जहां लखवी व छह अन्य आरोपी बंद थे। लेकिन लाहौर हाई कोर्ट द्वारा हिरासत को अवैध करार दिए जाने के बाद 10 अप्रैल को लखवी जेल से आजाद हो गया। लखवी के वकील राजा रिजवान अब्बासी ने कोर्ट को दिए आवेदन में कहा है कि उनके मुवक्किल को जान का खतरा है। इसलिए वह कोर्ट की कार्यवाही में लगातार उपस्थित नहीं रह सकता। यदि आवश्यकता हुई तो वह समय-समय पर सुनवाई के दौरान अवश्य उपस्थित रहेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।