अमेरिका की सलाह को दरकिनार कर भारत इस सप्ताह ईरान के साथ छाबर बंदरगाह के विकास को लेकर करार कर सकता है। यह करार केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की बुधवार से शुरू हो रही ईरान यात्रा के दौरान हो सकता है। भारत के लिए सामरिक दृष्टि से छाबर बंदरगाह काफी महत्वपूर्ण है। गत सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी को आश्वस्त किया था कि बंदरगाह के निर्माण के लिए भारत प्रतिबद्ध है। एक आधिकारिक सूत्र ने मंगलवार को बताया कि गडकरी की यात्रा के दौरान भारत और ईरान छाबर बंदरगाह के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। गौरतलब है कि गत सप्ताह भारत आईं अमेरिकी उप विदेश मंत्री (राजनीतिक मामले) वेंडी शरमन ने कहा था कि तेहरान के साथ जब तक परमाणु समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया जाता, तब तक भारत और अन्य देशों को ईरान के साथ कारोबार करने की जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।