पाकिस्तान में ईसाईयों के घर जलाने की कोशिश
(International)
पाकिस्तान के लाहौर में भीड़ ने ईसाई मुहल्ले में लूटपाट की और एक चर्च को जलाने की कोशिश की। ईशनिंदा के आरोप में एक ईसाई व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। खबरों के मुताबिक हुमांयू फैसल मसीह की गिरफ्तारी के बाद लोग रावी रोड थाने के बाहर जमा हो गए और उसे सौंपने की मांग करने लगे। पुलिस ने इससे इंकार करते हुए लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद भीड़ में शामिल लोग सांदा इलाके स्थित मसीह के घर की तरफ चले गए और वहां कई ईसाइयों के घर में लूटपाट की। फर्नीचरों को आग के हवाले कर सामान सड़क पर फेंक दिए। भीड़ ने मुहल्ले के चर्च में भी आग लगाने की कोशिश की। उत्तेजित लोगों के पहुंचने से पहले ही ईसाई इलाके से भाग गए थे। अल्पसंख्यक ईसाई समुदाय के नेता असलम परवेज सहोत्रा ने पुलिस पर देर से मौके पर पहुंचने का आरोप लगाया। लाहौर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हैदर अशरफ ने बताया कि भीड़ में शामिल लोग बहुत गुस्से में थे और एक चर्च को जलाना चाह रहे थे। लेकिन, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। भीड़ ने पथराव भी किया जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।