तीन देशों में आतंक का कहर
(International)
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) का कहर शुक्रवार को तीन महाद्वीपों में बरपा। ट्यूनीशिया (अफ्रीका), कुवैत (एशिया) और फ्रांस (यूरोप) में हुए हमलों में 63 लोग दहशतगर्दी की भेंट चढ़ गए। भारतीय समायनुसार दोपहर तीन से पांच के बीच एक के बाद एक तीनों देशों में खून-खराबे को अंजाम दिया गया। सबसे पहले फ्रांस के दूसरे बड़े शहर लियोन के करीब एक गैस फैक्ट्री को निशाना बनाया गया। फिर कुवैत की एक शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के वक्त आत्मघाती हमला हुआ और उसके बाद ट्यूनीशिया में एक बीच रिसॉर्ट में अंधाधुंध गोलीबारी। उत्तर अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया में आतंकियों ने इस साल दूसरी बार विदेशी सैलानियों के पसंदीदा जगह को निशाना बनाया है। राजधानी ट्यूनिश से 140 किमी दक्षिण सॉउसी में समुद्र किनारे स्थित होटल इंपीरियल मरहबा में एक बंदूकधारी ने क्लाशिनकोव राइफल से गोलियां बरसाई। इस घटना में 37 लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में बंदूकधारी को भी मार गिराया। इससे पहले मार्च में ट्यूनिश के बारदो संग्रहालय में बंदूकधारी ने गोलीबारी कर 21 विदेशी सैलानी और एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। उसके बाद से ही ट्यूनीशिया में हाई अलर्ट है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।