जर्मनी ने दिया ग्रीस को तीसरा बेलआउट पैकेज
(International)
जर्मनी की संसद ने बुधवार को ग्रीस के साथ हुए तीसरे बेलआउट समझौते को मंजूरी दे दी. चांसलर एंजेला मर्केल की पार्टी के कई सांसदों ने हालांकि इस समझौते का भारी विरोध किया. जर्मनी के वित्त मंत्री फोक्सगैंग स्कॉउबल ने कहा कि ताजा बेलआउट ग्रीस के लिए एक अवसर है. ग्रीस को इसका बेहतर उपयोग कर एक नई शुरुआत करनी चाहिए. समझौते के पक्ष में 454 सांसदों ने वोट किया. वहीं 113 ने इसका विरोध किया, जबकि 18 सांसदों ने वोटिंग प्रक्रिया में भाग नहीं लिया. इससे ग्रीस को 86 अरब यूरो (95.12 अरब डॉलर) कर्ज मिलने का रास्ता साफ हो गया है. ग्रीस को भुगतान संकट से बचने के लिए इस राशि की खासी जरूरत है.जर्मनी ने इससे पहले 2010 के बाद ग्रीस को कुल 240 अरब यूरो के दो बेलआउट में सर्वाधिक योगदान किया है. अंतरराष्ट्रीय कर्जदाताओं के साथ बेलआउट के लिए हुए समझौते के तहत ग्रीस को किफायत और सुधार के लिए सख्त कदम उठाने होंगे. इसके तहत सरकारी खर्च में कटौती करनी होगी, कर बढ़ाना होगा, पेंशन में कटौती करनी होगी और कुछ सरकारी संपत्तियों को निजी क्षेत्र में बेचना होगा.


Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।