चिली में बुधवार को आए तेज भूकंप के बाद न्यूजीलैंड में भी गुरुवार को सुनामी की चेतावनी जारी की गई। न्यूजीलैंड के पूर्व के कई हिस्सों में लोगों को तटवर्ती इलाकों से दूर रहन की चेतावनी दी गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय (एमसीडीईएम) ने पूर्वी केप, कैथम द्वीप समूह, कोरोमंडल और बैंक पैनिनसुला में सुनामी की चेतावनी जारी की है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को समुद्र और नदियों से दूर रहने तथा नौकाविहार या पर्यटन स्थलों का भ्रमण न करने की सलाह दी गई है। सुनामी की चेतावनी तब तक प्रभाव में रहेगी, जब तक एमसीडीईएम द्वारा चेतावनी रद्द करने का कोई संदेश नहीं दिया जाता इसके साथ ही उत्तर चिली के तट पर 8.3 तीव्रता के भूकंप के बाद हवाई और कैलिफोर्निया के तटीय हिस्सों में भी सुनामी को लेकर परामर्श जारी किया गया है। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने परामर्श जारी करते हुए कहा कि हवाई पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि भूकंप के कारण सुनामी संभव है। उन्होंने बाद में यह कहते हुए चेतावनी को परामर्श में तब्दील कर दिया कि मौजूदा आंकड़ों से यह संकेत मिलता है कि राज्य में कोई बड़ी सुनामी नहीं आयेगी, लेकिन समुद्र के स्तर में बदलाव और खतरनाक लहरें उन लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं, जो पानी में या उसके निकट हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।