पाकिस्तान के चर्चित टीवी पत्रकार चांद नवाब की कराची रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को पिटाई कर दी गई। नवाब अभिनेता सलमान खान की बजरंगी भाईजान फिल्म से सुर्खियों में आए थे, जिसमें दिखाया गया एक किरदार उनसे प्रेरित था। पाकिस्तान के 92 न्यूज चैनल में कार्यरत नवाब और उनकी टीम के साथ कराची रेलवे स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने कथित रूप से मारपीट की। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, नवाब और उनके सहयोगी ईद के पहले ट्रेन टिकटों की कालाबाजारी के बारे में रिपोर्ट बनाने गए थे। नवाब के चैनल ने कहा, सिंध प्रांत के मंत्री निसार खुहरो ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जांच के आदेश दिए हैं। पाकिस्तान के रेलमंत्री ख्वाजा साद रफीक को भी इस मामले से अवगत कराया गया है। पुलिस ने आरोप लगाया है कि नवाब ने अधिकारियों के साथ दुव्र्यवहार किया था। छह साल पूर्व नवाब का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कराची के इसी स्टेशन पर किसी समाचार की रिकार्डिंग कराते नजर आए थे। यह वीडियो शरारत के रूप में उनके मित्रों ने ही ऑनलाइन पोस्ट किया था। लेकिन फिल्म निर्देशक कबीर खान ने इस वीडियो को देखकर बजरंगी भाईजान फिल्म के लिए एक पत्रकार का किरदार गढ़ा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।