पाकिस्तान में मुंबई हमले की सुनवाई स्थगित
(International)
पाकिस्तान की एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने मुंबई हमले की सुनवाई बुधवार को 28 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी। इस मामले में हमले के मुख्य साजिशकर्ता जकीउर रहमान लखवी सहित सात आतंकवादियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है। रावलपिंडी की आदियाला जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच सुनवाई कर रही आतंकवाद विरोधी अदालत के समक्ष आज सिर्फ एक आधिकारिक गवाह ने अपना बयान दर्ज कराया। इस मामले में दो अन्य गवाह बुधवार को उपस्थित नहीं हुए जिनको अदालत ने सम्मन किया था। अदालत ने मामले की सुनवाई 28 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी और उस दिन चार गवाहों को सम्मन किया है। आतंकवाद विरोधी अदालत ने इसी जून महीने से मामले की सुनवाई सप्ताह में दो बार करना आरंभ किया। दरअसल, इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने अप्रैल के मध्य में निचली अदालत को आदेश दिया था कि वह दो महीने के भीतर या जून के मध्य तक सुनवाई पूरी करे। इस मामले की सुनवाई पूरी नहीं हुई और हाईकोर्ट ने लखवी को अप्रैल महीने में मिली जमानत को रद्द भी नहीं किया। उधर, लखवी के वकील राजा रिजवान अब्बासी ने कहा कि इस मामले की सुनवाई एक महीने में पूरी होने की संभावना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।