आतंकवाद की पौध सींचने वाला पाकिस्तान चाहता है कि एनडीए की सहयोगी दल शिव सेना को आतंकवादी संगठन घोषित किया जाए। इसके लिए उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से संज्ञान लेने की अपील की है। साथ ही उसने शिव सेना पर आतंकी गतिविधियां चलाने का आरोप मढ़ा है। गौरतलब है कि शिव सेना ने मुंबई में पाक गजल गायक गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द करा दिया था और उसके कार्यकर्ताओं ने पाक के पूर्व विदेश मंत्री महमूद कसूरी के एक किताब के लॉन्चिंग के समय सुधीन्द्र कुलकर्णी के चेहरे पर स्याही पोत दी थी। शिव सेना की धमकी के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुंबई वन डे में वसीम अकरम और शोएब अख्तर कमेंट्री नहीं कर सके और उनको स्वदेश जाना पड़ा। शिव सेना का कहना है कि जब तक पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बंद नहीं करता तब तक उसके साथ कोई संबंध नहीं रखने चाहिए। शिव सेना को आतंकवादी संगठन घोषित कराए जाने के सवाल पर पाक विदेश कार्यालय के प्रवक्ता काजी खलीलुल्लाह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस संगठन की आतंकी गतिविधियों का संज्ञान लेना चाहिए। इसके कार्यकर्ताओं की गतिविधियों को लेकर वे बार बार अपनी चिंताएं जाहिर कर चुके हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।