अफगानिस्तान के दक्षिणी शहर कंधार के हवाई अड्डे पर अफगानिस्तान के सुरक्षा बलों और तालिबान के बीच बुधवार सवेरे भी लड़ाई जारी रही। तालिबान ने इस हवाई अड्डे पर मंगलवार देर शाम हमला किया था। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। स्थानीय गवर्नर के प्रवक्ता के अनुसार लड़ाई में कई सुरक्षाकर्मी और नागिरक मारे गये हैं, किन्तु इनकी सही संख्या का पता नहीं चल सका है। इसका कारण क्षेत्र का असुरक्षित होना बताया जाता है। तालिबान की ओर से जारी एक वक्तव्य में बताया गया है कि हल्के और भारी अस्त्रों से लैस आत्मघाती हमलावर कंधार के हवाई अड्डे पर घुसे। कंधार इस्लामी सशस्त्र विद्रोह का बड़ा केन्द्र रहा है। तालिबान ने पहले भी अंतर्राष्ट्रीय सेनाओं और अफगान सेनाओं पर कई हमले किये हैं। उसका कहना है कि मंगलवार और बुधवार की लड़ाई में 150 सैनिक मारे गये किन्तु आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। तालिबान पहले कई बार अतिरंजित दावे कर चुका है। नाटो के रिसोल्युट सपोर्ट मिशन के एक प्रवक्ता ने भी बताया कि उसके पास अंतर्राष्ट्रीय सैनिकों के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।