अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में शनिवार को हुए बम विस्फोट में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हमला तब हुआ, जब असदाबाद में एक मोटरसाइकिल में लगाए गए विस्फोटक में विस्फोट किया गया। प्रांतीय सुरक्षा सूत्र का कहना है कि यह विस्फोट शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) पुलिस थाने के पास हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों सहित 11 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। सूत्र ने आगे कहा कि इस विस्फोट का लक्ष्य अफगान स्थानीय पुलिस थाना था। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों में अधिकांश की हालत गंभीर है। इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी आनी बाकी है। अभी तक किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन तालिबान विद्रोही समूह नियमित रूप से इस तरह के हमलों का दावा करते रहे हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।