पेशावर फिर दहला, बम विस्फोट में 16 मरे
(International)


पाकिस्तान के पेशावर शहर में सरकारी कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस में आज शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी और 30 अन्य लोग घायल हो गये। वाहन में रखे बम में उस समय विस्फोट हुआ जब बस सरकारी कर्मचारियों को लेकर मर्दान से पेशावर पहुंची। जब बस में विस्फोट हुआ, उस समय वह सुनहरी मस्जिद रोड पर थी और नागरिक सचिवालय कर्मियों को डयूटी के लिए ले जा रही थी। पेशावर के एसएसपी अब्बास मजीद मारवात ने बताया कि सरकारी कर्मियों को लेकर जा रही बस को निशाना बना कर किये गये विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि जिस समय विस्फोट हुआ उस समय बस में करीब 50 लोग सवार थे। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। विस्फोट में कम से कम 30 लोग घायल हुये हैं छावनी के एसपी काशिफ जुल्फीकार ने बताया कि बस में लगाए गये एक आईईडी के कारण विस्फोट हुआ। विस्फोट में करीब आठ किलोग्राम विस्फोटक इस्तेमाल किए गए थे। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से अधिकांश की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में से आठ को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों और पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाश अभियान शुरू कर दिया है। विस्फोट के कारण निवासियों के बीच भय और आतंक का माहौल है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।