मसूद अजहर पर चीन के नजरिए से भारत नाराज
(International)

चीन ने शुक्रवार को कहा कि पठानकोट आतंकवादी हमले के मास्टरमाइंड, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को प्रतिबंधित करने के नई दिल्ली के कदम को बाधित करने के बीजिंग के निर्णय पर वह भारत से संपर्क में है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग ली ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एक प्रश्न के जवाब में कहा कि चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है और आतंकवाद से लड़ाई के मुद्दे पर सभी पक्षों के साथ व्यावहारिक सहयोग मजबूत करने के लिए तैयार है। होंग ने कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की समिति की प्रतिबंधित सूची में शामिल करने के मामले के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और प्रासंगिक प्रक्रियागत नियमों के अनुसार तथ्यों के आधार पर निपटता है। उन्होंने कहा, ‘‘चीन इस मामले पर भारत सहित सभी प्रासंगिक पक्षों के बराबर संपर्क में है।’’ भारत ने मसूद पर प्रतिबंध लगाने के कदम को बाधित करने के मुद्दे को चीन के साथ उच्चस्तर पर उठाया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ मॉस्को में इस महीने होने वाली मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर बात कर सकती हैं। मॉस्को में इसी महीने रूस, भारत और चीन की त्रिपक्षीय बैठक होने वाली है। नई दिल्ली ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा मसूद को प्रतिबंधित करने के अपने कदम को बाधित करने को लेकर चीन से नाराजगी जाहिर की है। चीन ने दूसरी बार इस तरह के किसी कदम को बाधित किया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।