पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर समेत पाकिस्तान के अनेक हिस्सों में 7.1 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और घबराए हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके 10-15 सेकंड तक महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान और तजाकिस्तान के सीमाई क्षेत्र में हिंदूकुश पर्वतमाला में 236 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांत के अलावा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर एवं गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्रों में महसूस किए गए। राजधानी इस्लामाबाद में लोग दहशत के चलते घरों से बाहर निकल आए और वे प्रार्थना करते देखे गए। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के बुनेर इलाके में दो लोगों की मौत हो गई तथा गिलगित-बाल्टिस्तान के दिआमेर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। प्रांतीय राजधानी पेशावर में 28 लोगों के घायल होने की खबर है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी गई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।