भारत ने जर्मनी के एस्सेन शहर के एक गुरुद्वारा में हुए विस्फोट को लेकर चिंता जताई है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जर्मनी के एस्सेन शहर में गुरुद्वारा में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर हम चिंतित हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘घायलों की राष्ट्रीयता का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जर्मनी में हमारा दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जमीनी हकीकत का पता लगा रहा है।’’ जर्मनी के एस्सेन शहर के गुरुद्वारा में शनिवार शाम करीब सात बजे एक विस्फोट हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। गुरुद्वारा में उस वक्त बैसाखी का जश्न चल रहा था। पुलिस ने कहा है कि इस विस्फोट के आतंकवादी घटना होने का कोई संकेत नहीं मिला है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इसे जानबूझकर अंजाम दिया गया हो सकता है। ‘द इंडिपेंडेंट यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस विस्फोट के बाद एक नकाबधारी घटनास्थल से भागता देखा गया था। जिस समय की यह घटना है, उस वक्त लोग गुरुद्वारा में बैसाखी मना रहे थे। गुरुद्वारा में सुबह में एक शादी का आयोजन किया गया था और घायलों में शादी में आए मेहमान शामिल हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।